रविवार, जुलाई 25, 2010

मग़र




सावन की रिमझिम फुहारों  में आप .
अपने जीवन का आनंद लीजिये |
मग़र टूटे मकानों में रहते है जो , 
कुछ उनकी छतों का भी ध्यान कीजिये |
सींचा है तुमने जिस वृक्ष को
आप उसे कल्प वृक्ष नाम दीजिये |
मग़र सूखे दरख्तों के गिर जाने पर
आँधियों को मत इल्जाम  दीजिये |
अपने घरों की बहू बेटियों को
आप देवियों सा सम्मान दीजिये |
मग़र रोटी से तन का जो सौदा करे
कोई उसे दूजा मत नाम दीजिये |
आँखों  से टपके जो आँसू कोई
आप उसे मोतियों  का नाम दीजिये |
मग़र रोटी को रोते हुए बच्चे के 
आँसुओं  को पानी मत मान लीजिये |

मंगलवार, जुलाई 13, 2010

क्या यही हमारा विकास है

 
माना पगडंडी को सड़क बना कर
हमने विकास का काम किया है |
और रोटी पर बिछी हुई सब्जी को
हमने पिज्ज़ा का नाम दिया है |
अब आँगन तुलसी  को तरसे ,
और बगिया तरसे  फूलों को
लगा के छत पर नागफ़नी को
 उसे रूफ गार्डन नाम दिया है |
दरकिनार कर अपनी प्रतिभा को
 कंप्यूटर को सब कुछ मान लिया है |
चोरी गड़बड़  घोटालों को ,
हमने हैकिंग का नाम दिया है |
अब मेरे घर में जगह नहीं है
अपने बूढ़े- बूढ़े  लोगों की ,
अलग बना कर घर उनका
उसे ओल्डएज होम का नाम दिया है |

बुधवार, जुलाई 07, 2010

इन आम आदमियों को भूल मत जाना


आम आदमी

तुमको तुम्हारे शहर की
सड़कों पर पड़ी ,
जिन्दा लाशों की कसम
मत डालना तुम ,
इन पर झूठी सहानुभूति का कफ़न
इनको यूँही पड़ा रहने दो
चीखने दो चिल्लाने दो
तुम्हारी सभ्यता की कहानी
इनको ही सुनाने दो
सड़क पर पड़े हुए यह लोग
हमारे बहुत काम आते है |
तभी तो हमारे राजनेता
इनके भूखे नंगे तपते हुए पेटों पर
राजनीति की रोटियां सेंक जाते है |
इनको तरह तरह से 
उपयोग में लाया जाता है |
कभी राम कभी अल्लाह के नाम पर ,
इनका  ही  तो खून बहाया जाता है
और कभी कभी अपनी सियासत,
चमकाने और ताकत दिखाने के लिए
इन आम आदमियों के नाम पर
भारत बंद बुलाया जाता है |
चुनावों के समय हम ,
इनको आम जनता कहते है |
और फिर आने वाले चुनावों तक ,
आम की तरह चूसते रहते है |
यह रोते है तो रोने दो
मत जगाओ, सोने दो |
जिस दिन यह सोता हुआ,
आम आदमी जाग जायेगा ,
उस दिन से संसद का रास्ता
बहुत कठिन  हो जायेगा |

शनिवार, जून 05, 2010

एक परित्यक्ता को सांत्वना

 
क्यों सहती हो ?

कल कल बहती नदी यहाँ पर
मंद पवन भी कुछ कहती है | 
फिर साँसों के रथ पर सवार हो कर,
तुम गुमशुम सी क्यों रहती हो | 
थोड़ा सा ग़म बाँट लो तू भी
तुम इतना ग़म क्यों सहती हो |
तुमने उसको अपना माना,
पर उसने, उसको अपना जाना
जिसने तुमको  कुछ न माना,
क्यों उसको अपना कहती हो |
थोड़ा सा ग़म बाँट लो तुम भी
तुम इतना ग़म क्यों सहती हो |
नहीं प्रेम अब एक तपस्या ,
अब तो यह व्यापार बना है |
और न तुम मीरा न वह कृष्ण , 
फिर विष का प्याला क्यों पीती हो |
थोड़ा सा ग़म बाँट लो तुम भी
तुम इतना ग़म क्यों सहती हो |
जिस जीवन में बरसे प्रेम सुधा , 
तब एक प्रेम वाटिका  बन जाती है |
क्यों नागफनी के जंगल में
अब खुशबू को ढूंढा करती हो |
थोड़ा सा ग़म बाँट लो तुम भी
तुम इतना ग़म क्यों सहती हो |



मंगलवार, मई 25, 2010

पाठकों को तरसती एक प्रतीकात्मक कविता

मिटटी का प्रश्न

गुँथी हुई मिटटी का प्रश्न
घूमते हुए चाक से
मुझे क्या बनना है |
शीतल जल की गगरी
या गर्म पेय का पात्र,
मिटटी के प्रश्न पर
चाक का भौचक्का रह जाना |
चलते चलते रुक जाना
गहरी सोंच में डूब जाना |
क्षण  भंगुर जीवन
और इतना गंभीर चिंतन
अचानक चाक का
मिटटी की मानव से तुलना करना
 फिर खिलखिलाकर हँसना
और एक बार फिर वह
शुरू कर देता है घूमना |



सोमवार, अप्रैल 12, 2010

मेरा परिचय

मै बह एक आम आदमी हूँ जिसके जीवन मे डर और समस्याओं के सिवा कुछ भी नहीं होता है | जब बह साइकल पर चल रहा होता है | तब बह स्कूटर से डरता है और जब बह स्कूटर पर चलता है तब बह कार से डरता है इस तथाकथित सभ्य और शिक्षित समाज में अपना स्थान बनाने के लिए १२३ समझौता ,कीमती कारों और टीवी के बढते हुए दाम,कश्मीर मे घुसपैठ , नक्सली समस्या पर बात करना जिसकी मज़बूरी बन जाती है जबकि उसका लक्ष्य सुबह शाम की रोटी के सिवा और कुछ नहीं है | जमाँ पूंजी के नाम उसके पास रिश्तों की एक लम्बी फेहरिस्त है जो दादा दादी , नाना नानी से शुरू हो कर पोता पोती नाती नतिनी तक है ब्लॉग लिखना मेरी मज़बूरी है ताकि मै अपने जीवन की हताशा को शब्दों के माध्यम से व्यक्त कर सकूँ |